गरीबो के इलाज के लिए 16.86 करोड़ रुपये की लागत से बना आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का लोकार्पण

 द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 

16.86 करोड़ रुपये की लागत से बना आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र

 

गुना 15 मार्च 2026

 

केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला चिकित्सालय गुना में 16.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अस्पताल के स्टाफ ने गुना के प्रसिद्ध गुलाबों से उनका स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने क्रिटिकल केयर यूनिट का पर्दा हटाकर तथा फीता काटकर इसका विधिवत शुभारंभ किया और अस्पताल की व्यवस्था एवं लेआउट की जानकारी भी प्राप्त की।

 

इस आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र का उद्देश्य कोविड जैसी आपदा की स्थिति में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक में गंभीर रोगियों को नियमित डायलिसिस, फिजियोथैरेपी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जा सकेंगी, ताकि आपदा अथवा आकस्मिक परिस्थितियों में भी मरीजों को विशेष चिकित्सा सेवाएं मिलती रहें। नवीन क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक में दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर के साथ 50 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा यहां आपात स्थिति में 24 घंटे और सातों दिन (24×7) जनसामान्य को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने अमृत सीवरेज योजना के अंतर्गत निर्मित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी धन्यवाद सभा के दौरान लोकार्पण किया, जिसकी कुल लागत 15.41 करोड़ रुपये है।

 

धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि तीन दिवसीय दौरे के दौरान गुना आकर उनका मन अत्यंत प्रफुल्लित है। उन्होंने कहा कि गुना के साथ उनका एक आत्मीय और पारिवारिक संबंध है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कोई शिशु चलना सीखते समय कई बार गिरता है और घर के बुजुर्ग उसका हाथ पकड़कर उसे संभालते हैं, वैसे ही परिवार के लोग उसे संस्कार और मार्गदर्शन देते हैं ताकि वह आगे चलकर परिवार का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि उनका गुना से संबंध भी इसी प्रकार का है। जीवन का सफर लगातार सीखने का सफर है और उम्र चाहे 30 वर्ष हो या 50 वर्ष, मनुष्य को हमेशा कुछ नया सीखते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का क्रियान्वयन है, उतना ही महत्वपूर्ण क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना भी है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया है।

 

केंद्रीय मंत्री ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गुना में स्थापित यह क्रिटिकल केयर यूनिट आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां हर कमरे में पाइपलाइन से ऑक्सीजन की सुविधा तथा अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के समान सुविधाएं अब गुना में भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जब तक गुना को मध्यप्रदेश के नक्शे पर एक चमकते हुए हीरे की तरह स्थापित नहीं कर दिया जाएगा, तब तक वे विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

 

कार्यक्रम में गुना विधायक श्री पन्ना लाल शाक्य, कोलारस विधायक श्री महेंद्र रामसिंह यादव, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्रीमति सविता अरविन्‍द्र गुप्‍ता, उपाध्‍यक्ष श्री धरम सोनी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

 

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें