*दिनांक 10 मई 2026 को शहर में विशेष यातायात प्रबंधन के तहत वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित*
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
9 मई 2026
दिनांक 10 मई 2026 को व्ही.आई.पी. भ्रमण के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है । यह व्यवस्था प्रातः 06:00 बजे से कार्यक्रम/व्यवस्था समाप्ति तक प्रभावी रहेगी ।
1. रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा से गोपाल मंदिर की ओर जाने वाले सामान्य वाहन सीधे गोपालपुरा रोड़ से संचालित नहीं होंगे । ऐसे वाहन रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा–अंबेडकर चौराहा–जेल तिराहा–गोपाल मंदिर मार्ग से आवागमन करेंगे । इसी प्रकार गोपाल मंदिर से रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा की ओर आने वाले वाहन गोपाल मंदिर–जेल तिराहा–अंबेडकर चौराहा–रिलायंस पेट्रोल पंप मार्ग से संचालित किए जाएंगे ।
2. कैंट–अशोकनगर मार्ग पर पंचमुखी मंदिर से हनुमान चौराहा तक प्रातः 06:00 बजे से व्यवस्था समाप्ति तक भारी वाहन, कमर्शियल वाहन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित कराया जाएगा ।
3. नागरिकों एवं बाहर से आने वाले आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग हेतु बीज निगम मैदान निर्धारित किया गया है । रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा की ओर से गोपालपुरा रोड़ होकर आने वाले वाहनों को बीज निगम मैदान में पार्क कराया जाएगा, जबकि गोपाल मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में कराई जाएगी ।
4. ड्यूटी में नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में निर्धारित की गई है ।
5. इसके अतिरिक्त आमजन की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए बीज निगम मैदान के साथ-साथ संजय स्टेडियम ग्राउंड एवं खेल प्रशाल के सामने स्थित उद्यानिकी विभाग की भूमि पर भी अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध रहेगी ।
6. आपातकालीन सेवाओं (एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस व प्रशासनिक वाहन आदि) को आवश्यकता अनुसार प्राथमिकता के साथ नियंत्रित प्रवेश दिया जाएगा ।
गुना पुलिस प्रशासन की समस्त नागरिकों से अपील है कि शहर में सुचारु यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन कर प्रशासन की व्यवस्था को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं । किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें ।









