जिला अस्पताल में जीवनरक्षक सफलता : बिना ऑपरेशन तीन साल की बच्ची की सांस नली से निकाला सिक्का
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
9 मई 2026
गुना जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की तत्परता से तीन साल की बच्ची की जान बचा ली गई। खेलते समय बच्ची ने गलती से 1 रुपये का सिक्का निगल लिया, जो उसकी सांस की नली में फंस गया था। सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक गोयल ने एक्स-रे जांच के बाद बच्ची को तत्काल इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर में भर्ती कराया। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास राजपूत की मदद से दूरबीन विधि द्वारा बिना चीरा लगाए सफलतापूर्वक सिक्का बाहर निकाल लिया गया।
समय पर उपचार मिलने से बच्ची की जान बच गई और अब उसकी हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। इस सफल प्रक्रिया में ओटी स्टाफ ने भी अहम भूमिका निभाई।









