राजस्थान से मध्यप्रदेश लाई जा रही 100 ग्राम से अधिक स्मैक की खेप पकड़ी, गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजस्थान से मध्यप्रदेश लाई जा रही 100 ग्राम से अधिक स्मैक की खेप पकड़ी, गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

31/05/2027

गुना, 31 मई। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मृगवास थाना पुलिस ने राजस्थान से मध्यप्रदेश लाई जा रही स्मैक की खेप को पकड़ा है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100.59 ग्राम स्मैक एवं एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में मृगवास थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

 

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के घाटाखेड़ी-टूटी बड़ली क्षेत्र से दो व्यक्ति हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक RJ20 SM 3904 पर स्मैक लेकर बांकखेड़ा जंगल मार्ग से कुंभराज की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बांकखेड़ा जंगल के कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर दी।

 

कुछ समय बाद बताए गए हुलिए के अनुसार मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मुनेश लोधा (31 वर्ष) एवं रामप्रसाद लोधा (40 वर्ष), निवासी ग्राम घाटाखेड़ी, थाना पाली, जिला बारां (राजस्थान) बताए।

 

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 100.59 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुल 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

आरोपियों के खिलाफ मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 58/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब स्मैक तस्करी के नेटवर्क और इसके अन्य स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, चौकी प्रभारी नीरज लोधी, राजेश कुमार, सोहन अनारे, नीरज धाकड़, राहुल बघेल, विकास राठौर, जितेंद्र सिंह, धीरेन्द्र प्रताप, संदीप तथा साइबर सेल के कुलदीप यादव एवं अभय रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें