विध्यांचल कॉलोनी हमला कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 20 मामलों का हिस्ट्रीशीटर निकला
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना। शहर की विध्यांचल कॉलोनी में हुए प्राणघातक हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष किरार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 4 जून को पुरानी रंजिश के चलते नरेश चौकसे पर लाठी, पाइप और फर्सा से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया था। मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत घटना के तीसरे दिन ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी, रंगदारी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








