बेटी की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज मामला: 26 दिन बाद खुला राज, पिता समेत तीन हिरासत में
डबरा । जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बेटी की कथित अवज्ञा से नाराज होकर उसे मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए शव को खेत में ले जाकर जला दिया।

जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय किशन गुर्जर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 8 मई 2026 को उसकी 33 वर्षीय बेटी जूली गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उसने अपने बेटों रामसेवक और दीपु के साथ मिलकर शव को खेत में ले जाकर जला दिया।
मामले का खुलासा घटना के 26 दिन बाद हुआ। पुलिस ने 3 जून को किशन गुर्जर, रामसेवक और दीपु गुर्जर को हिरासत में लिया है। हालांकि
, पुलिस द्वारा अभी आधिकारिक गिरफ्तारी की घोषणा नहीं की गई है।
घटनास्थल से बरामद हड्डियों और अन्य अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किए जाने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।








