रात्रि चौपाल में गूंजा आत्मनिर्भर गांव का संकल्प, महिलाओं की सफलता बनी प्रेरणा,
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता संदेश कुमार झा

गुना, 10 जून। बमोरी विकासखंड के ग्राम डोंगरपुर में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर आत्मनिर्भर गांव, प्राकृतिक खेती और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने फूल वर्षा और साफा बांधकर उनका स्वागत किया।
चौपाल में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि छोटी शुरुआत से आज वे विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। कलेक्टर ने इन उपलब्धियों को ग्रामीण विकास का आदर्श मॉडल बताया।
कलेक्टर ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, युवाओं से गांव में रहकर रोजगार सृजन करने तथा ग्रामीणों से नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी भी दी।
इस दौरान बच्चों को रंग और खाद्य सामग्री वितरित की गई। वहीं ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, एसडीएम शिवानी पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








