श्रीराम इंश्योरेंस ऑफिस से गिरकर कर्मचारी की मौत, परिजनों ने लगाया बंधक बनाकर हत्या का आरोप
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता
मोहनीष भार्गव 26 जून 2026
पैसों की वसूली के लिए मानसिक प्रताड़ना का आरोप, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
खबर:
बायपास तिराहे पर मारूति शोरूम के सामने स्थित श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय से एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान लूसन का बगीचा निवासी 30 वर्षीय सचिन सेन के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो वर्षों से कंपनी में कार्यरत था।
घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के दावों में बड़ा विरोधाभास सामने आया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि सचिन अचानक ऑफिस भवन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है।
मृतक के बड़े भाई मनीष सेन ने कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सचिन पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं लौटा था और उसे ऑफिस में बंधक बनाकर रखा गया था। आरोप है कि कंपनी की कुछ राशि को लेकर उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था तथा तत्काल पैसे लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का यह भी आरोप है कि ग्वालियर से आए एक वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी से जुड़े कुछ अन्य लोग सचिन पर अत्यधिक दबाव बना रहे थे। उनके अनुसार, सचिन को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।









